चेन्नई/मदुरै (इंडिया स्पीक डेली लीगल डेस्क)। मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (FCRA), 2010 से जुड़े एक मामले की सुनवाई करते हुए ईसाई धर्म के स्वरूप और उसके प्रचारवादी स्वभाव पर बेहद स्पष्ट और सख्त टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि इस तथ्य को भुलाया नहीं जा सकता कि “ईसाई रिलीजन एक मसीहाई मजहब (Messianic Religion) है और उनका धार्मिक मिशन हर किसी को ईसा मसीह के शरण (Fold of Jesus Christ) में लाना है।”
न्यायमूर्ति जी. आर. स्वामीनाथन और न्यायमूर्ति एम. डी. सुमति की खंडपीठ ने कोडाइकनाल स्थित ‘कांज़ेन पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट’ (Kanzeon Public Charitable Trust) की उस अपील को खारिज कर दिया, जिसमें उसने गृह मंत्रालय द्वारा FCRA पंजीकरण रद्द/खारिज करने के आदेश को चुनौती दी थी।
ज़ेन ध्यान की आड़ और जेसुइट पादरी की पहचान
ट्रस्ट की ओर से दलील दी गई थी कि यह कोई धार्मिक संस्था नहीं है, बल्कि यह ‘ज़ेन ध्यान’ (Zen Meditation) की परंपरा का केंद्र है, जो ध्यान और साधना की भारतीय-पूर्वी परंपरा से जुड़ी है।
हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से पेश वकील ने अदालत के संज्ञान में लाया कि ट्रस्ट के संस्थापक और मुख्य संचालक कोई और नहीं, बल्कि कैथोलिक जेसुइट संप्रदाय के पादरी रेवरेंड फादर अमा सामी (Rev. Fr. Ama Samy SJ) हैं।
इस तथ्य पर गौर करते हुए पीठ ने कहा:
“इस हकीकत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि ईसाई रिलीजन एक मसीहाई (प्रचारवादी) मजहब है। उनका धर्मशास्त्रीय और धार्मिक उद्देश्य हर किसी को ईसा मसीह की शरण/दायरे में लाना है।” अदालत ने एक पुरानी कहावत का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ‘तेंदुआ अपने धब्बे कभी नहीं बदलता’ (A leopard will not change its spots), जिसका सीधा संकेत था कि ईसाई पादरी द्वारा संचालित ट्रस्ट का मूल स्वभाव केवल तटस्थ ध्यान तक सीमित नहीं माना जा सकता।
“हिंदू धर्म समावेशी, अब्राहमिक मजहब स्वभाव से ही दूसरों को खारिज करने वाले”
अदालत ने दोनों धार्मिक धाराओं के बीच दार्शनिक अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि हिंदू धर्म अपनी प्रकृति से समावेशी (Inclusive) है, जो सत्य के कई मार्गों को मान्यता देता है। इसके विपरीत, यहूदी, ईसाई और इस्लाम जैसे अब्राहमिक धर्म स्वभाव से ही दूसरों को नकारने वाले (Inherently Exclusive) हैं। उनके अनुयायियों की यह दृढ़ मान्यता होती है कि केवल उनका ईश्वरीय संदेश ही एकमात्र और पूर्ण सत्य है, इसलिए वे अन्य सभी को अपने दायरे में लाने (धर्मांतरण) का मिशन चलाते हैं।
धर्मांतरण में जुटे संगठनों को न मिले विदेशी पैसा: हाईकोर्ट की दो टूक
अदालत ने एफसीआरए (FCRA) नियमों की सीमाएं तय करते हुए अत्यंत सख्त रुख अपनाया। पीठ ने दो टूक शब्दों में कहा, “ऐसे धार्मिक संगठन जिनकी गतिविधियों से देश के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने और सामाजिक सौहार्द पर कोई आंच नहीं आती, वे एफसीआरए पंजीकरण पाने के हकदार हैं। लेकिन जो संगठन लोगों को एक धर्म से दूसरे धर्म में परिवर्तित (धर्मांतरण) कराने के काम में लगे हैं, उन्हें किसी भी सूरत में एफसीआरए पंजीकरण नहीं दिया जाना चाहिए।” कोर्ट ने साफ कर दिया कि भारत के सामाजिक सौहार्द को चोट पहुंचाने वाली और धर्मांतरण को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों के लिए विदेशी धन के रास्ते पूरी तरह बंद रहने चाहिए।
‘सलाद बाउल’ है भारत: किसी एक धर्म के वर्चस्व से बिखर जाएगा बहुलतावादी ताना–बाना
अदालत ने देश के सामाजिक और जनसांख्यिकीय संतुलन पर बड़ी चेतावनी देते हुए कहा, “हम एक बहुलतावादी राष्ट्र हैं। अमेरिका के विपरीत, हम ‘मेल्टिंग पॉट’ नहीं बल्कि एक ‘सलाद बाउल’ हैं।” पीठ ने साफ किया कि भारत की खूबसूरती इसमें है कि यहाँ विभिन्न संस्कृतियाँ और आस्थाएँ एक साथ रहते हुए भी अपनी स्वतंत्र पहचान बनाए रखती हैं। कोर्ट ने आगाह किया कि यदि किसी एक आक्रामक धार्मिक समूह ने धर्मांतरण या प्रचार के जरिए अपना वर्चस्व (Ascendancy) कायम कर लिया, तो भारत का यह सदियों पुराना बहुलतावादी स्वरूप पूरी तरह तहस-नहस हो सकता है।
