इंडिया स्पीक डेली ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले देश की चुनावी शुचिता और लोकतंत्र के ताबूत में एक और भयावह कील ठोक दी गई है। खोजी पत्रकारिता संगठन ‘द रिपोर्टर्स कलेक्टिव’ (The Reporters’ Collective) ने आज (9 अक्टूबर 2026) एक और ऐसा विस्फोटक खुलासा किया है, जिसने चुनाव आयोग और लखनऊ से लेकर दिल्ली तक बैठे सत्ता के रणनीतिकारों को बेनकाब कर दिया है।
सुमेधा मित्तल, आयुषी कर और शुभांगी देरहगवां की इस ताजा खोजी रिपोर्ट ने दस्तावेजी सबूतों के साथ साबित किया है कि उत्तर प्रदेश के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में चुनाव आयोग के सॉफ्टवेयर ने खुद-ब-खुद (Auto-generate) 85,854 ऐसे फॉर्म तैयार कर दिए, जिनका मकसद बिना कोई कारण बताए वास्तविक वोटरों के नाम काटना था! और सबसे बड़ा संस्थागत अपराध यह है कि इन अवैध और बिना कारण वाले ‘विलोपन फॉर्मों’ (Deletion Forms) पर चुनाव आयोग के फील्ड अधिकारियों ने आंख मूंदकर दस्तखत कर दिए!

दोहरी चाल: एक तरफ 16.18 लाख ‘रहस्यमयी’ वोटर जुड़े, दूसरी तरफ 85,854 बिना वजह काटे गए!
‘द रिपोर्टर्स कलेक्टिव’ के दोनों खुलासों को एक साथ जोड़कर देखें, तो यह कोई तकनीकी गलती नहीं, बल्कि जनादेश को हाइजैक करने की एक पूरी सुनियोजित पटकथा (Blue-print) नजर आती है:
* पहला खुलासा (7 अक्टूबर 2026): उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची में 16.18 लाख ऐसे मतदाताओं के नाम जोड़ दिए गए, जिनके आवेदन, नाम और पते का कोई सार्वजनिक रिकॉर्ड चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है। जब कानूनन हर फॉर्म-6 की जानकारी सार्वजनिक करना अनिवार्य है, तो इन 16.18 लाख लोगों को गुपचुप तरीके से किस विधानसभा और किस बूथ पर किसके इशारे पर डाला गया?
* दूसरा खुलासा (9 अक्टूबर 2026): अब यह सामने आया कि जहां 16 लाख से ज्यादा अनजान वोटरों को पिछले दरवाजे से घुसाया गया, वहीं 85,854 नागरिकों के वोट सॉफ्टवेयर के एक क्लिक से ‘ऑटो-डिलीट’ कर दिए गए—बिना यह बताए कि उनका गुनाह क्या था!
कानून कहता है कि किसी भी नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटाने से पहले उसे कारण बताना अनिवार्य है और सुनवाई का मौका देना जरूरी है। लेकिन यहाँ न कोई शिकायतकर्ता था, न कोई कारण था; आयोग के कंप्यूटर ने नाम चुने, फॉर्म खुद बनाए और अधिकारियों ने उस पर मुहर लगा दी।
सॉफ्टवेयर का राज या लोकतंत्र की डकैती?
यह खुलासा सीधे तौर पर महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) एस. चोक्कलिंगम की उस चेतावनी को सच साबित करता है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “फैसले का अधिकार स्थानीय ERO को होना चाहिए, ECINet सॉफ्टवेयर को नहीं।”
मोदी सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री आर. के. सिंह ने अपने खुले पत्र में जिस बात की आशंका जताई थी, आज वह उत्तर प्रदेश के 85,854 परिवारों के साथ घटित हो चुकी है। कंप्यूटर का एक एल्गोरिदम तय कर रहा है कि कौन भारतीय नागरिक वोट देगा और कौन नहीं।
* क्या यह महज इत्तेफाक है कि जिन 85,854 वोटरों के नाम ऑटो-डिलीट किए गए, वे किसी खास वर्ग, जाति या सत्ता विरोधी रुझान वाले बूथों से आते हैं?
* जब फॉर्म में ‘कारण’ का कॉलम ही खाली था, तो चुनाव आयोग के जिम्मेदार अधिकारियों ने अपने दस्तखत कैसे कर दिए?
* क्या अफसरों पर ऊपर से दबाव था, जैसा कि कर्नाटक के दावणगेरे के डिप्टी कमिश्नर जी.एम. गंगाधरस्वामी ने खुलकर स्वीकार किया कि उन पर 3,000 नाम काटने का भारी दबाव बनाया गया था?
क्या प्रचंड एंटी-इंकंबैंसी के बावजूद उप्र में भाजपा इसीलिए निश्चिंत हैं?
आज उत्तर प्रदेश का हर राजनीतिक विश्लेषक हैरान था कि जमीन पर भारी असंतोष, बेरोजगारी, पेपर लीक, कानून- व्यवस्था के दावों के बीच गहराता जातिवाद और भयानक सत्ता-विरोधी लहर (Anti-incumbency) के बावजूद भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इतना बेपरवाह और निश्चिंत क्यों नजर आ रहा है?
‘द रिपोर्टर्स कलेक्टिव’ के इस खुलासे के बाद यह पहेली पूरी तरह सुलझती दिख रही है। जब चुनाव आयोग का सॉफ्टवेयर खुद ही आपके विरोधी वोटों को काटने के लिए 85 हजार फॉर्म जनरेट कर दे, जब आयोग की वेबसाइट पर 16 लाख ऐसे वोटर चुपचाप जोड़ दिए जाएं जिनका कोई ब्योरा जनता को न मिले, और जब खुद मुख्यमंत्री 6 जनवरी को बैठक करके पार्टी कार्यकर्ताओं से कहें कि हर बूथ पर 200 नाम दोबारा जुड़वाओ—तो फिर चुनावी नतीजों की चिंता किसे होगी?
कर्नाटक के दावणगेरे से सामने आया यह मामला सीधे तौर पर यह साबित करता है कि मतदाता सूची से वास्तविक वोटरों के नाम कटवाने के लिए राजनीतिक स्तर पर जिला प्रशासन और चुनाव अधिकारियों पर भारी दबाव बनाया जा रहा है।
कर्नाटक के दावणगेरे में खुलासा: डिप्टी कमिश्नर पर था 3,000 नाम काटने का भारी दबाव!
उप्र का ममला अकेला नहीं है। अभी तेलंगाना में बीजेपी कार्यकर्ता के पास से मिले फॉर्म-7 का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब कर्नाटक के दावणगेरे जिले के डिप्टी कमिश्नर व जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) जी. एम. गंगाधरस्वामी (GM Gangadharaswamy) के बयान ने हड़कंप मचा दिया है। डिप्टी कमिश्नर ने सार्वजनिक रूप से खुलासा किया है कि “ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद प्रशासन पर करीब 3,000 वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाने का भारी दबाव बनाया गया था।”

गंगाधर स्वामी ने आंकड़ों के साथ बताया कि “नाम हटाने के लिए आए 2,325 फॉर्म-7 में से 1,106 आवेदनों को प्रशासन ने जांच के बाद खारिज (Reject) कर दिया, क्योंकि वे फर्जी और अनुचित आपत्तियां थीं।” यह बयान सीधे तौर पर साबित करता है कि महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम का अंदेशा और पूर्व केंद्रीय मंत्री आर. के. सिंह के आरोप कितने सच हैं।
जब एक सिटिंग डिप्टी कमिश्नर खुद यह स्वीकार कर रहा है कि उस पर वैध वोटरों के नाम काटने का राजनीतिक व प्रशासनिक दबाव आ रहा था, तो साफ है कि पूरे देश में विपक्षी और गरीब मतदाताओं को छांट-छांट कर बाहर करने के लिए प्रशासनिक मशीनरी का किस हद तक दुरुपयोग किया जा रहा है। उप्र की रिपोर्ट से इसे जोड़ कर देखिए, हर जगह सत्ता विरोधी मतों को काटने/कटवाने का खेल एक ही तरह से चल रहा है, जिसमें चुनाव आयोग पर सत्ता पक्ष का दबाव और कहीं-कहीं मिलीभगत साफ-साफ नजर आ रही है।
ज्ञात हो कि तेलंगाना के मुशीराबाद में बीजेपी का बूथ एजेंट पहले से छपे हुए (Pre-printed) फॉर्म-7 के साथ पकड़ा गया था, जिसने स्वीकार किया था है कि उसे पार्टी दफ्तर से सारे फॉर्म मिले थे।
है न कमाल! कर्नाटक में डीसी पर नाम काटने का दबाव बनाया जाता है औय यूपी में सॉफ्टवेयर 85 हजार वोटरों की बलि ले लेता है। यह लोकतंत्र नहीं, ‘डिजिटल धांधली’ के दम पर चुनाव को ‘फिक्स’ (Compromise) करने का खुला खेल है!
2023 का वह काला कानून: “तुम चोरी करो, हम जेल जाने से बचाएंगे”
यह सब कुछ इतनी बेखौफ तरीके से इसलिए हो रहा है क्योंकि 2023 में संसद से पारित कानून के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त और आयुक्तों को धारा 15 के तहत ‘लीगल इम्युनिटी’ (पूर्ण कानूनी सुरक्षा) दे दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को चयन समिति से बाहर फेंककर अपनी पसंद के नौकरशाहों को बैठाया गया, और फिर कानून में लिख दिया गया कि चुनाव आयुक्तों के किसी भी फैसले पर देश की किसी अदालत में मुकदमा नहीं चल सकता!
यही वह गारंटी है जिसके दम पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सुप्रीम कोर्ट के नाम पर 26 सितंबर को झूठा प्रेस नोट जारी करने की जुर्रत करते हैं, और सुप्रीम कोर्ट जब फटकार लगाता है कि “हमने किसी फॉर्म-6 को मंजूरी नहीं दी”, तब भी वे अपनी कुर्सी पर चिपके रहते हैं।
रिपोर्टर्स कलेक्टिव के इस खुलासे पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि गोंडा की तरबगंज विधानसभा सीट जैसे इलाकों में ‘रेशमा’ जैसे अज्ञात नामों से एक ही बूथ के 188 वोटरों के खिलाफ़ फ़र्जी आपत्तियां दर्ज करवाकर विशेष वर्ग को निशाना बनाया गया—जो सीधे तौर पर यह साबित करता है कि जहाँ एक ओर 16.18 लाख ‘रहस्यमयी’ मतदाताओं को पिछले दरवाज़े से जोड़ा गया, वहीं दूसरी ओर सॉफ़्टवेयर और फ़र्जी शिकायतों का सहारा लेकर सुनियोजित तरीके से 85 हजार से अधिक वैध नागरिकों के मताधिकार पर कैंची चलाई गई है
‘इंडिया स्पीक डेली’ का सीधा सवाल:
उत्तर प्रदेश का चुनाव अब केवल दो राजनीतिक गठबंधनों के बीच की लड़ाई नहीं रह गया है। यह लड़ाई भारत के संविधान और चुनाव आयोग के उस ‘सॉफ्टवेयर सिंडिकेट’ के बीच है, जो जनता के मताधिकार की डकैती कर रहा है। अगर 85,854 वोटरों के नाम बिना वजह काटने वाले फॉर्मों पर दस्तखत करने वाले अधिकारियों पर तत्काल मुकदमे दर्ज नहीं हुए, अगर 16.18 लाख रहस्यमयी मतदाताओं की बूथ-वार सूची तुरंत सार्वजनिक नहीं की गई, और अगर ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त कर पूरे SIR की न्यायिक जांच नहीं कराई गई—तो उत्तर प्रदेश 2027 का चुनाव होने से पहले ही ‘कॉम्प्रोमाइज्ड’ और चोरी हो चुका है।
अब गेंद सुप्रीम कोर्ट और देश की जनता के पाले में है—या तो जागिए और अपने वोट की रक्षा कीजिए, वरना आपका नाम भी आयोग के किसी कंप्यूटर की ‘ऑटो-डिलीट’ लिस्ट में चुपचाप दफन कर दिया जाएगा!
