Courtesy Desk : पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद जारी हिंसा के बीच एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात करीब 11:30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना कोलकाता के मध्यग्राम इलाके में हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ अपनी गाड़ी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार हमलावरों ने बीच सड़क पर उनके वाहन को रोका और नजदीक से ताबड़तोड़ 4 राउंड फायरिंग की। गोली सीधे रथ के सीने में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से चंद्रनाथ को पास के एक नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हत्या के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि इस वारदात में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं का हाथ है, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

इससे पहले भी सूबे के अलग-अलग इलाकों से हिंसा, तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। कई स्थानों पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के दफ्तरों में तोड़फोड़ की गई, जबकि कुछ इलाकों में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर विवाद देखने को मिला। मुर्शिदाबाद के जियागंज में लेनिन की मूर्ति तोड़े जाने की घटना ने राजनीतिक माहौल को और अधिक गरमा दिया। पिछले 48 घंटे में 4 हत्याएं हुई हैं। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मुर्शिदाबाद जिले के जियागंज में लेनिन की दशकों पुरानी प्रतिमा तोड़े जाने की घटना से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा गिराकर उसकी जगह नई प्रतिमा लगाने की योजना बनाई थी। दूसरी ओर बीजेपी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उसके किसी भी कार्यकर्ता या समर्थक की इसमें कोई भूमिका नहीं है। पार्टी के अनुसार चुनाव के बाद जश्न के दौरान कई समूह वहां मौजूद थे और संभव है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने यह हरकत की हो।
इसी बीच नदिया जिले के करीमपुर क्षेत्र में कांग्रेस ने एक टीएमसी कार्यालय पर कब्जा कर लिया। कांग्रेस का दावा है कि यह दफ्तर मूल रूप से उसी का था, जिस पर पहले टीएमसी ने कब्जा कर लिया था। इधर, 24 परगना जिले के कैनिंग इलाके के नारायणपुर में बुधवार को बवाल मच गया। माखलतला क्षेत्र में तोड़फोड़, हमले और पुलिस पर हिंसा के आरोप लगे। पूर्व टीएमसी नेता रहीमा लस्कर उर्फ बेबी, जो हाल ही में बीजेपी में शामिल हुईं, पर समर्थकों के साथ पंचायत पर कब्जे और टीएमसी कार्यकर्ताओं के घरों पर हमले के आरोप हैं। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस पर भी हमला हुआ और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने केंद्रीय बलों के साथ कार्रवाई करते हुए करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें मुख्य आरोपी भी शामिल हैं।
दूसरी तरफ मंगलवार रात को मध्य कोलकाता में उस वक्त तनाव फैल गया, जब बुलडोजरों के साथ आए लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर ऐतिहासिक हॉग मार्केट इलाके के पास तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक दफ्तर को निशाना बनाया। इस घटना से दुकानदारों में दहशत फैल गई और उन्हें अपनी दुकानें अचानक बंद करनी पड़ीं। टीएमसी ने बीजेपी पर मध्य कोलकाता में हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। पार्टी ने आरोप लगाया कि बीजेपी समर्थकों ने न्यू मार्केट इलाके के पास दुकानों और एक पार्टी दफ्तर में तोड़फोड़ की।
साभार: तपस सेनगुप्ता, इंद्रजीत कुंडू, आजतक।
