मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्र सरकार के गोमांस पर 0% GST के फैसले का विरोध किया है। पटवारी ने कहा कि यह फैसला गोमांस के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है और कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी। मंगलवार को पटवारी ने भोपाल में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने गोवंशीय पशुओं के मांस पर जीएसटी दरें शून्य कर दी हैं। इसका क्या मैसेज है। गोभक्त मुख्यमंत्री के मुंह से एक शब्द नहीं निकला। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस फैसले का विरोध करेगी। हम किसी भी कीमत पर गाय नहीं कटने देंगे और गोमांस का निर्यात नहीं होने देंगे।पटवारी ने कहा कि 26 और 27 सितंबर को कांग्रेस पार्टी पूरे मप्र में इसके विरोध में आंदोलन करेगी।
गाय के नाम पर वोट लेना चहती है भाजपा
पटवारी ने कहा कि अभी मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पहले कहा कि हम गो भक्त हैं और कांग्रेसी दूसरे जानवर पालते हैं। कांग्रेस का विचार वो है जो हिन्दू धर्म का विचार है। जियो और जीने दो का जो जैन धर्म का विचार है। प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो। जब विश्व के कल्याण की हम बात करते हैं तो उसमें इंसानों, जीव जंतुओं प्रकृति की रक्षा की बात होती है। बीजेपी और मोहन यादव इससे अलग सोच रखते हैं। वोट लेने के लिए गाय की पूजा करते हैं पटवारी ने कहा- वे(मुख्यमंत्री) गाय की पूजा क्यों करना चाहते हैं इसलिए क्योंकि गाय के नाम पर वोट लेना है। बीजेपी गाय का कत्ल कराती है।
गोशालाओं की करेंगे विजिट
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक आंदोलन चलाएगी। जिसमें सभी गोशालाओं की हम विजिट करेंगे। सड़क पर जो गो माताएं हैं उन्हें घेरकर हम कलेक्टर ऑफिस ले जाएंगे। मोहन यादव को आगाह कर रहा हूं अगर आपने गोमांस पर पर जीरो GST किया तो इसका हम विरोध करते हैं। आठ साल से जो GST वसूली गई वो वापस की जाए। इस मामले को लेकर 26 और 27 तारीख को कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में आंदोलन करेगी। कांग्रेस पार्टी गाय को नहीं कटने देंगे गाय माता की रक्षा करेंगे और नकली गोभक्तों का चेहरा बेनकाब करेंगे।
सबसे ज्यादा गोमांस का एक्सपोर्ट भारत से
पटवारी ने कहा कि मैं आरोप लगा रहा हूं कि दुनिया में सबसे ज्यादा गोमांस का एक्सपोर्ट कहीं से हो रहा है तो वो भारत से हो रहा है। नरेन्द्र मोदी के राज में सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इतना गोमांस कहां से आ रहा है? अगर भारत की गोमाता का गोमांस जा रहा है तो देश और प्रदेश के कई राज्यों में बीजेपी की तो सरकार है।
