इंडिया स्पीक डेली ब्यूरो, चमोली/देहरादून। अयोध्या के भव्य राम मंदिर में हाल ही में सामने आए चढ़ावा लूट और वित्तीय हेराफेरी मामले के बाद, अब उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बद्रीनाथ धाम में भी चढ़ावे की चोरी का गंभीर मामला उजागर हुआ है। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) ने पांच दिन बाद बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है।
समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के पर्सनल सेक्रेटरी (PS) प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर उनके खिलाफ बद्रीनाथ थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज करा दी गई है।

विभागीय जांच के अनुसार, यह पूरी गड़बड़ी 2 जुलाई को सुबह 9:00 बजे से 9:30 बजे के बीच (महज आधे घंटे के भीतर) अंजाम दी गई। दान पात्र और ‘थाली भेंट’ की गिनती के समय अनाधिकृत रूप से फंड निकालने और वित्तीय हेराफेरी किए जाने की पुष्टि प्राथमिक जांच में हुई है।
मंदिर समिति द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई एफआईआर में फिलहाल किसी निश्चित या सटीक धनराशि का उल्लेख नहीं किया गया है। इस मामले को उठाने वाले सामाजिक संगठन ‘भैरव सेना’ और विपक्षी दलों का दावा है कि यदि कपाट खुलने के दिन से लेकर अब तक के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जाएं, तो यह हेराफेरी कई करोड़ रुपये की हो सकती है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी किसी सटीक रकम की पुष्टि नहीं की गई है।
अयोध्या मामले के बाद देश के एक और प्रमुख धाम में हुए इस घटनाक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने एक उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच का आदेश दिया है। सरकार ने गढ़वाल कमिश्नर की अध्यक्षता में 3 सदस्यीय स्वतंत्र जांच समिति का गठन किया है।
इस समिति को पूरे मामले और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस द्वारा मंदिर परिसर के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसके बाद ही चुराई गई या बरामद की गई सटीक राशि का आधिकारिक आंकड़ा पूरी तरह साफ हो सकेगा।

मुगलकाल चल रहा है! कृपया ढोंगी बाबा ढोंग ना करें।