संदीप देव। 8 अक्टूबर 2026 की भोर भारतीय कला और सांस्कृतिक जगत के लिए एक गहरा शून्य लेकर आई। गोवा के डोना पाउला स्थित आवास पर तड़के अचानक तबीयत बिगड़ने और गंभीर कार्डियक अरेस्ट के बाद 75 वर्ष की आयु में नाना पाटेकर ने इस नश्वर संसार को अलविदा कह दिया। उन्हें बचाने की डॉक्टरों की तमाम कोशिशें निष्फल रहीं। अस्पताल पहुँचने से पहले ही उनकी सांसों की डोर टूट चुकी थी।
जानकारी के अनुसार,8 अक्टूबर की उस काल-रात्रि के अंतिम पहर की दास्तान किसी भी संवेदनशील हृदय को झकझोर देने के लिए पर्याप्त है। गोवा के डोना पाउला स्थित आवास पर तन्हाई के बीच जीवन की आखिरी जंग लड़ते हुए नाना पाटेकर ने देर रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच अपने एक आत्मीय मित्र को मोबाइल पर एक संक्षिप्त संदेश भेजा था—“मुझे ठीक नहीं लग रहा है…”। आधी रात की गहरी नींद के कारण वह संदेश समय पर पढ़ा न जा सका। सुबह करीब 4:00 बजे जब वह मित्र आशंकित होकर उनके घर पहुँचा, तो सामने का मंजर रूह कंपा देने वाला था; पर्दे पर हर तूफान से टकरा जाने वाला यह अज़ीम अभिनेता ज़मीन पर पसीने से तर-बतर और बेसुध पड़ा था। केयरटेकर की सूचना पर पास के ही मणिपाल अस्पताल से एंबुलेंस सुबह 4:20 बजे मौके पर पहुँची।
अस्पताल के ऑन्कोलॉजी प्रमुख डॉ. शेखर सालकर के अनुसार, नाना के शरीर में कोई हलचल नहीं थी। डॉक्टरों की टीम ने घर से लेकर एंबुलेंस तक और फिर अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में लगातार एक घंटे तक सीपीआर (CPR) देकर उनकी उखड़ती सांसों को थामने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन नियति अपना फैसला लिख चुकी थी। सुबह 5:20 बजे डॉक्टरों ने उन्हें आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया। अस्पताल लाने से पहले ही प्राण पखेरू उड़ जाने के कारण कानूनी औपचारिकता और पोस्टमार्टम के लिए उनकी पार्थिव देह को गोवा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुत्र मल्हार पाटेकर ने इस त्रासद अंत की पुष्टि की, जबकि महाराष्ट्र सरकार ने इस महान कलाकार के अवसान पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से लेकर समूचे देश ने उस सन्नाटे को महसूस किया है जो अपने पीछे यह बेबाक आवाज़ छोड़ गई है।
किंतु इस शारीरिक विदाई से परे, नाना पाटेकर का जाना सिर्फ एक लोकप्रिय अभिनेता का अवसान नहीं है; यह उस खुरदुरे, बेलाग और बेचैन स्वर का शांत हो जाना है, जिसने दशकों तक भारतीय दर्शक को सिनेमाई भ्रम से खींचकर कड़वे सामाजिक यथार्थ के सामने खड़ा किया था।
नाना को मुंबई की सड़कों की भूख, सेना की मिट्टी, बेटे के खोने के दर्द और किसानों के आंसुओं ने तराशा था
नाना पाटेकर का जीवन किसी फिल्मी पटकथा से कहीं अधिक उतार-चढ़ाव, त्रासदियों, कठोर अनुशासन और मिट्टी से जुड़ी सच्चाइयों का दस्तावेज रहा। 1 जनवरी 1951 को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मुरुड-जंजीरा में एक सामान्य मध्यमवर्गीय मराठी परिवार में जन्मे विश्वनाथ पाटेकर (जिन्हें दुनिया ने बाद में ‘नाना’ के नाम से जाना) के पिता दिनकर पाटेकर कपड़ा छपाई का छोटा-मोटा कारोबार करते थे और मां संजना पाटेकर एक सीधी-सादी गृहिणी थीं।
नाना जब महज 13 वर्ष के थे, तब उनके पिता को किसी बेहद करीबी ने व्यापार में बड़ा धोखा दिया, जिसने हँसते-खेलते परिवार को एक झटके में सड़क पर ला खड़ा किया। उस किशोर उम्र में जब बच्चे भविष्य के सपने बुनते हैं, नाना ने परिवार के भरण-पोषण के लिए मुंबई की तपती सड़कों पर जेब्रा क्रॉसिंग (सड़क की सफेद पट्टियां) रंगने और फिल्मों के पोस्टर चिपकाने का काम शुरू किया। इसके बदले उन्हें महीने के 35 रुपये और दिन में केवल एक वक्त खाने के लिए चना-मुरमुरा नसीब होता था। कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल जाना और फिर काम पर जुटना—इस कड़वे यथार्थ और खाली पेट की आग ने ही बाद में उनके अभिनय को वह तीखा, खुरदुरा और कभी न झुकने वाला मिजाज दिया।

कला के प्रति गहरे रुझान के चलते उन्होंने मुंबई के प्रतिष्ठित ‘सर जे. जे. इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड आर्ट’ से कमर्शियल आर्ट में डिप्लोमा किया। इसी दौरान उनकी गहरी बारीक नजर और रेखाओं की समझ को देखकर मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उनसे कई बार संदिग्ध अपराधियों के चेहरे के स्केच (Face Sketches) बनवाए। चश्मदीदों के बयानों के आधार पर अपराधियों के मनोभावों, डर और खूंखारपन को कागज पर उतारने के इसी अभ्यास ने आगे चलकर उन्हें इंसानी चेहरों के मनोविज्ञान का पारखी बनाया, जिसकी झलक उनके हर संजीदा अभिनय में साफ दिखाई दी। फिल्म ‘अब तक छप्पन’ का अकेला और ठंडे एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पुलिस वाले के किरदार में युवावस्था का यह प्रशिक्षण काम आया। नाना ने 2004 में ‘अब तक छप्पन’ (साधु आगशे—दया नायक पर आधारित) में एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के मानसिक और नैतिक द्वंद्व को पूरी तरह से डी-ग्लैमराइज कर दिया। बिना किसी लाउड डायलॉग के, केवल आँखों की ठंडक और हाथ की उंगलियों की हलचल से उन्होंने यह दिखाया कि सिस्टम का हिस्सा बनकर सिस्टम के कचरे को साफ करने वाला पुलिसवाला भीतर से कितना अकेला और खोखला हो जाता है।
रंगमंच के दौर में ही उनकी मुलाकात बैंक में कार्यरत और थिएटर आर्टिस्ट नीलकंती (नीलू) से हुई, जिनसे बाद में उनका विवाह हुआ। हालांकि आगे चलकर वैचारिक और जीवनशैली के अंतर के चलते दोनों ने अलग-अलग रहना स्वीकार किया, लेकिन उन्होंने कभी कानूनी तलाक नहीं लिया और जीवनपर्यंत एक-दूसरे का गहरा सम्मान करते रहे।
नाना के जीवन का सबसे मर्मभेदी और मौन घाव उनके पारिवारिक जीवन से ही जुड़ा था। उनके पहले बेटे का जन्म गंभीर शारीरिक और चेहरे की विकृतियों (Cleft lip और दृष्टि दोष) के साथ हुआ था। नाना ने कई साक्षात्कारों में बेहद भावुक होकर इस बात को स्वीकार किया था कि एक युवा पिता के रूप में शुरुआत में वे अपने ही बच्चे की इस स्थिति को देखकर भयभीत और असहज हो गए थे। महज ढाई साल की उम्र में उस मासूम ने दुनिया को अलविदा कह दिया। बेटे की इस असमय मौत ने नाना को भीतर तक झकझोर कर रख दिया; एक पिता के तौर पर उस मासूम के प्रति उपजा आत्म-अपराध (Guilt) और गहरा सदमा उन्हें जीवन भर के लिए सांसारिक मोह से विरक्त और संवेदनशील बना गया।
बाद में उनके दूसरे बेटे मल्हार पाटेकर का जन्म हुआ, जिनसे नाना का गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा। मल्हार ने सिनेमाई चकाचौंध और स्टारडम के दिखावे से दूर रहकर पर्दे के पीछे का काम चुना, निर्देशन व प्रोडक्शन से जुड़े और नाना के अंतिम समय तक उनके सबसे बड़े संबल बने रहे।
पर्दे पर खौफ और आक्रोश पैदा करने वाले नाना निजी जीवन में जितने सादे थे, शौक के मामले में उतने ही अनुशासित और अप्रत्याशित थे। वे एक प्रमाणित राष्ट्रीय स्तर के राइफल शूटर थे, जिन्होंने प्रतिष्ठित ‘जी. वी. मावलंकर नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप’ में हिस्सा लेकर पदक भी जीते थे। सेना और हथियारों के प्रति उनका लगाव केवल फिल्मों तक सीमित नहीं था, वे तकनीक और अनुशासन के स्तर पर सटीक निशानेबाज थे। यही प्रशिक्षण उन्हें कारगिल युद्ध तक ले गया।
इसके साथ ही नानाएक अद्भुत बावर्ची (कुक) थे, जो सेट पर यूनिट के लाइटमैन से लेकर स्पॉटबॉय तक के लिए अपने हाथों से मटन और सी-फूड पकाते थे। करोड़ों का बैंक बैलेंस होने के बावजूद वे मायानगरी के जुहू-बांद्रा के विला छोड़कर मुंबई में 1-BHK के साधारण फ्लैट में अपनी मां के साथ जमीन पर बैठकर खाना खाते थे और जीवन का अधिकांश समय पुणे के पास खड़कवासला में अपने छोटे से खेत पर एक सामान्य किसान की तरह बिताते थे।
भूख, सड़क, सेना, बंदूक और बेटे को खोने के अनकहे संताप से गुजरी यह ज़िंदगी ही थी, जिसने नाना पाटेकर को किसी बनावटी सांचे का अभिनेता नहीं, बल्कि हाड़-मांस का जीता-जागता यथार्थ बना दिया था।
रंगमंच की तपिश और सिनेमाई विस्फोट
विश्वनाथ पाटेकर से ‘नाना’ बनने का सफर किसी सजे-सजाए मंच या वंशवादी विशेषाधिकार की उपज नहीं था। मुंबई के जे. जे. स्कूल ऑफ आर्ट्स से कमर्शियल आर्ट की पढ़ाई और मराठी प्रायोगिक रंगमंच की भट्टी ने उनके भीतर के कलाकार को तपाया था। रंगमंच उनके लिए केवल एक पेशा नहीं, बल्कि व्यवस्था के प्रति उनके भीतर सुलगते आक्रोश की अभिव्यक्ति का माध्यम था।
1978 में ‘गमन’ से रूपहले पर्दे पर दस्तक देने के बाद उन्हें असली पहचान 1980 के दशक के मध्य में ‘अंकुश’ (1986) और ‘प्रतिघात’ (1987) से मिली। वह ऐसा दौर था जब देश का शिक्षित युवा बेरोजगारी, मोहभंग और भ्रष्ट राजनीतिक व्यवस्था के भंवर में फंसा हुआ था। नाना उस दौर के युवा के हताश आक्रोश का सबसे जीवंत चेहरा बनकर उभरे। नाना को फिल्म में लाने का श्रेय मशहूर अदाकारा स्वर्गीय स्मिता पाटिल को जाता है। नाना ने काफी बार अपने साक्षात्कार में स्मिता ताई को इसका श्रेय दिया था।
1989 में आई विधु विनोद चोपड़ा की ‘परिंदा’ में उनका निभाया ‘अन्ना सेठ’ भारतीय सिनेमा में अपराध और खलनायिकी की परिभाषा को हमेशा के लिए बदल देने वाला किरदार साबित हुआ। अन्ना सिर्फ एक निर्मम गैंगस्टर नहीं था, बल्कि आग से खौफ खाने वाला एक गहरे रूप से विक्षिप्त, असुरक्षित और मनोवैज्ञानिक द्वंद्वों से घिरा इंसान था। इस भूमिका ने उन्हें पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिलाया और यह स्थापित किया कि नाना का अभिनय किसी पारंपरिक सांचे में कैद नहीं हो सकता। इस भूमिका को वास्तविक रूप देने के लिए नाना ने बिना सुरक्षा के आगे के बीच सीन किया था, जिससे वह जल भी गये थे।
‘क्रांतिवीर‘ की गूंज और मुख्यधारा का दोहरा संकट
1990 के दशक में ‘तिरंगा’ और ‘क्रांतिवीर’ (1994) जैसी फिल्मों ने नाना पाटेकर को एक जननायक की तरह पेश किया। ‘क्रांतिवीर’ का वह क्लाइमेक्स—जहाँ वे अपनी कलाई काटकर कहते हैं, “ये मुसलमान का खून ये हिंदू का खून… बता इसमें कौन सा मुसलमान का, कौन सा हिंदू का?”—सिर्फ एक फिल्मी संवाद नहीं था। वह अयोध्या के विवादित ढांचे का विध्वंस और 1993 के मुंबई दंगों के बाद लहूलुहान देश की सामूहिक चेतना पर एक तीखा तमाचा था।
किंतु यहीं से उनकी कला का एक आलोचनात्मक मूल्यांकन भी जरूरी हो जाता है। नाना के अभिनय की आक्रामकता इतनी प्रभावशाली थी कि आगे चलकर बॉलीवुड ने उनके इसी गुस्से, कड़े बदन और तरेरी आँखों को भुनाना शुरू कर दिया। उनके कई बाद के किरदार इसी तीखी संवाद अदायगी की पुनरावृत्ति बनकर रह गए। जब व्यवस्था से लड़ने वाला नायक हर सवाल का तात्कालिक और लाउड जवाब देने लगे, तो सिनेमा में विचारशीलता और सूक्ष्मता की जगह उपदेशात्मकता ले लेती है।
लेकिन जब भी नाना को उनकी संवेदनशीलता को समझने वाले निर्देशक मिले, उन्होंने दिखाया कि उनका मौन उनके शब्दों से कहीं अधिक वजनी था।
संजय लीला भंसाली की ‘खामोशी: द म्यूजिकल’ में एक मूक-बधिर पिता जोसेफ का किरदार हो, या फिर मराठी सिनेमा का मील का पत्थर मानी जाने वाली ‘नटसम्राट’ (2016)—नाना ने साबित किया कि वे केवल चीखते हुए विद्रोही नहीं, बल्कि मानवीय अकेलेपन और त्रासदी के सबसे गहरे भाष्यकार थे। ‘नटसम्राट’ में गणपतराव बेलवलकर के रूप में उनके अभिनय ने शेक्सपियर के ‘किंग लियर’ के मूल दर्द को भारतीय परिवार और समाज की जमीन पर ला खड़ा किया था।

अग्निसाक्षी’ का सनकी पति और ‘अपहरण’ का तबरेज़: जब स्क्रीन पर खौफ सच लगने लगा
‘परिंदा’ के अन्ना सेठ के बाद यदि किसी फिल्म ने दर्शक की रीढ़ में कंपकंपी पैदा की, तो वे ‘अग्निसाक्षी’ (1996) और ‘अपहरण’ (2005) थीं। इन दोनों फिल्मों में नाना पाटेकर ने यह साबित किया कि असली खौफ किसी बंदूक, चिल्लाहट या दैत्यनुमा मेकअप से नहीं, बल्कि इंसानी दिमाग के विकृत कोनों और उसकी आँखों के सन्नाटे से पैदा होता है।
‘अग्निसाक्षी’ में विश्वनाथ का किरदार निभाते हुए नाना ने ‘ऑब्सेसिव’ और मानसिक रूप से बीमार पति के पागलपन को जिस स्तर पर जीवंत किया, उसने सिनेमाहॉल में बैठे दर्शकों को असहज और भयभीत कर दिया था। उनका प्यार करना भी एक यातना जैसा लगता था—एक पल में अपनी पत्नी (मनीषा कोइराला) के पैरों पर गिरकर बच्चों की तरह गिड़गिड़ाना और अगले ही पल आँखों की पुतलियों को स्थिर कर हिंसक हो जाना। चेहरे के भावों का यह अप्रत्याशित बदलाव इतना वास्तविक था कि पर्दे पर उनके मुस्कुराने भर से ही दर्शक अनहोनी की आशंका से सिहर उठता था। उस दौर में घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना के इस खौफनाक मनोवैज्ञानिक पक्ष को किसी अभिनेता ने इतने नग्न और डरावने रूप में कभी प्रस्तुत नहीं किया था।
वहीं दूसरी ओर, प्रकाश झा की ‘अपहरण’ में नाना ने बिहार के बाहुबली राजनीतिज्ञ और समानांतर सत्ता चलाने वाले ‘तबरेज़ आलम’ के रूप में खौफ का एक अलग ही रूप दिखाया। यहाँ कोई सनक या चीख-पुकार नहीं थी; यहाँ सत्ता की क्रूरता सफेद खादी के लबादे और बेइंतहा ठहराव में लिपटी थी। बेहद धीमी, सपाट और सधी हुई आवाज़ में जब तबरेज़ आलम अपने विरोधियों या पुलिस के सामने बैठता था, तो उसकी आँखों में एक ऐसी बर्फीली ठंडक होती थी जो चीखने वाले किसी भी विलेन से सौ गुना ज्यादा डरावनी थी। सिस्टम को अपनी जेब में रखकर मुस्कराने वाला वह बेपरवाह अंदाज़ राजनीति और अपराध के उस गठजोड़ का इतना वास्तविक दस्तावेज था कि स्क्रीन पर तबरेज़ की मौजूदगी भर से एक असहज करने वाला दमघोंटू माहौल बन जाता था। इन दोनों ही किरदारों ने यह साफ कर दिया कि नाना जब खलनायिकी के मनोवैज्ञानिक धरातल पर उतरते थे, तो वे सिर्फ अभिनय नहीं करते थे—वे दर्शक के भीतर एक गहरा, वास्तविक भय रोप देते थे।
‘संकल्प’ का कन्हैया लाल: जब चाणक्य के मुखौटे में दिखा सत्ता का खौफनाक ‘डीप स्टेट’
प्रकाश झा निर्देशित वेब सीरीज़ ‘संकल्प’ (Sankalp) से नाना पाटेकर ने ओटीटी (OTT) की दुनिया में जो पर्दापण किया, वह उनके अभिनय के सबसे भयावह और ठंडे यथार्थ का दस्तावेज बन गया। वर्ष 2026 में Amazon MX Player पर रिलीज इस सीरीज़ में वे दिल्ली में ‘चाणक्य कोचिंग सेंटर’ चलाने वाले एक ऐसे आधुनिक गुरु ‘कन्हैया लाल’ की भूमिका में नजर आए, जो क्लासरूम से केवल यूपीएससी (IAS/IPS) के अभ्यर्थी नहीं तैयार करता, बल्कि पूरी भारतीय नौकरशाही और सत्ता-तंत्र में अपनी ‘कठपुतलियां’ प्लांट करता है। ‘कन्हैयालाल’ आचार्य चाणक्य की तरह कूटनीति, षड्यंत्र और मोहरों को अपना हथियार बनाता है।
नाना ने इस किरदार में जिस बर्फीले सन्नाटे को जिया, उसने दर्शक की रूह कंपा दी। यहाँ कोई बंदूक या चीख-पुकार नहीं थी; वे एक शांत, सफेद कुर्ते में लिपटे एक ऐसे ‘डीप स्टेट’ संचालक बने, जो देश की सबसे बड़ी कुर्सियों पर बैठे अफसरों को केवल एक टेलीफोन कॉल या एक आदेश से नियंत्रित करता है। उनके चेहरे पर वही शांत, अभेद्य मुस्कान और आँखों में सत्ता को अपनी उंगलियों पर नचाने का ऐसा दर्प था कि शिक्षा जैसे पवित्र माध्यम के पीछे छुपा यह संस्थागत भ्रष्टाचार दर्शक को भीतर तक असहज और भयभीत कर देता है। अपने ही तैयार किए हुए शिष्यों को देश सेवा के नाम पर अपने व्यक्तिगत षड्यंत्र का मोहरा बना देने की यह कला नाना के अलावा कोई दूसरा इतने खौफनाक और वास्तविक अंदाज में स्क्रीन पर नहीं उतार सकता था।
उदय शेट्टी’ का हास्य: जब खौफ ने खुद पर हंसना सीख लिया
नाना पाटेकर के अभिनय का दायरा केवल तीखे आक्रोश, राष्ट्रवाद या गंभीर त्रासदी तक सीमित नहीं था। उनकी बहुमुखी प्रतिभा का सबसे चमकदार और अप्रत्याशित पहलू तब सामने आया जब उन्होंने अनीस बज्मी की फिल्म ‘वेलकम’ (2007) में अंडरवर्ल्ड डॉन ‘उदय शेट्टी’ का किरदार निभाया। जिस अभिनेता ने ‘परिंदा’ के ‘अन्ना सेठ’ के रूप में हिंदी सिनेमा को खौफ की सबसे अंधेरी और हिंसक परिभाषा दी थी, उसी अभिनेता ने ‘वेलकम’ में उसी अंडरवर्ल्ड डॉन के आतंक को एक जबरदस्त हास्य में बदलकर रख दिया।
नाना की कॉमेडी किसी मसखरेपन या फूहड़ शारीरिक हरकतों की मोहताज नहीं थी। उनकी कॉमेडी का सौंदर्य उनकी ‘डेडपैन’ (सपाट चेहरे वाली) गंभीरता में था। जब वे पूरी गंभीरता से कहते हैं—”मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी था…” या जब अपनी बहन की शादी के लिए एक खूंखार डॉन अचानक शरीफ बनने की जद्दोजहद में बच्चों जैसी मासूमियत दिखाने लगता है, तो दर्शक ठहाके लगाने पर मजबूर हो जाता है।
‘कंट्रोल उदय कंट्रोल’ सिर्फ एक संवाद नहीं रहा, बल्कि भारतीय पॉप कल्चर और मीम संस्कृति का एक अमर हिस्सा बन गया। अनिल कपूर (मजनू भाई) के साथ उनकी जुगलबंदी ने यह साबित किया कि नाना का अपने चेहरे के भावों, टाइमिंग और आवाज के उतार-चढ़ाव पर ऐसा नियंत्रण था कि वे जिस चेहरे से रूह कंपा देने वाला डर पैदा कर सकते थे, उसी से पूरे थिएटर को हंसा-हंसा कर लोटपोट भी कर सकते थे। यह उनके अभिनय का वह दुर्लभ आयाम था जहाँ एक गंभीर कलाकार ने अपने ही गढ़े हुए ‘एंग्री मैन’ के सांचे को तोड़कर सिनेमाई मनोरंजन को एक नए शिखर पर पहुंचाया।
‘नाम‘ फाउंडेशन: स्क्रीन के आक्रोश से जमीन के संघर्ष तक
नाना पाटेकर को उनके समकालीनों से अलग करने वाली सबसे बड़ी बात उनका सामाजिक सरोकार था। जब महाराष्ट्र का मराठवाड़ा और विदर्भ भीषण सूखे तथा किसान आत्महत्याओं के दंश से कराह रहा था, तब नाना ने केवल कैमरे के सामने शोक व्यक्त नहीं किया। साथी अभिनेता मकरंद अनासपुरे के साथ मिलकर उन्होंने ‘नाम फाउंडेशन’ (NAAM Foundation) की नींव रखी।

यह कोई प्रतीकात्मक चैरिटी नहीं थी; यह किसानों के पुनर्वास, नदियों को पुनर्जीवित करने, जल संरक्षण और आत्महत्या कर चुके किसानों के परिवारों को सीधे आर्थिक व नैतिक संबल देने का एक जमीनी आंदोलन बना। यह कला का समाज के प्रति वह ऋण चुकाना था, जिसकी अपेक्षा अक्सर बौद्धिक विमर्शों में की जाती है, किंतु जिसे जमीन पर बहुत कम कलाकार उतार पाते हैं। यहाँ नाना पर्दे के ‘क्रांतिवीर’ से निकलकर जमीन के ‘कर्मवीर’ के रूप में दिखाई दिए। नाना ने किसानों की मदद के लिए और इस फाउंडेशन की नींब रखने के लिए अपनी गाड़ी खरीदने के लिए जो राशि बचा कर रखी थी, वह इसके लिए दान कर दिया था।
‘प्रहार’ की सैन्य भट्टी से कारगिल के मोर्चे तक: जब रील का नायक रीयल बना
भारतीय सिनेमा में खाकी वर्दी या सेना की वर्दी पहनना किसी भी अभिनेता के लिए आम बात है, लेकिन नाना पाटेकर के लिए सेना कभी कोई फिल्मी ‘कॉस्ट्यूम’ नहीं रही। 1991 में आई उनकी निर्देशित फिल्म ‘प्रहार: द फाइनल अटैक’ की तैयारी के दौरान नाना ने तीन साल तक मराठा लाइट इन्फैंट्री के साथ विधिवत कठोर सैन्य और कमांडो प्रशिक्षण लिया था। वे केवल अभिनय के लिए तकनीक नहीं सीख रहे थे, बल्कि अनुशासन और सैन्य जीवन को अपनी रगों में उतार रहे थे। बाद में वे प्रादेशिक सेना (टेरिटोरियल आर्मी) से जुड़े और उन्हें मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की रैंक से नवाजा गया।
किंतु इसकी सबसे खरी परीक्षा 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान हुई। अपने एक चर्चित इंटरव्यू (द लल्लनटॉप) में नाना ने इस अनकहे अध्याय की परतें खोली थीं कि कैसे जब देश की सीमाएं गोलियों और तोपों से थर्रा रही थीं, तब वे कैमरे की चमक-दमक छोड़कर युद्धभूमि में जाने के लिए बेचैन हो उठे थे। तत्कालीन रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस से सीधी इजाजत लेकर नाना किसी वीआईपी या फोटो-ऑप के लिए नहीं, बल्कि एक सिपाही के तौर पर सीधे अग्रिम मोर्चे पर पहुंचे थे।
द्रास, बटालिक और लेह के उन दुर्गम, शून्य से नीचे के तापमान वाले सेक्टरों में नाना ने क्विक रिएक्शन टीम (QRT) के साथ लगभग 60 दिन गुजारे। जवानों के साथ खंदकों में रहना, गोलियों की गूंज के बीच उनका हौसला बढ़ाना और उनके दर्द को बांटना—इस कठोर सेवा में नाना ने अपना 20 किलो वजन तक गंवा दिया था। जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उनका बेबाक जवाब था: “हमारा सबसे बड़ा हथियार बोफोर्स या एके-47 नहीं, बल्कि बर्फ में खड़ा वह जवान है। देश के लिए इतना सा कर दिया तो क्या बड़ा काम किया?” यह वह पक्ष था जिसने उन्हें पर्दे के संवाद-वीर से अलग एक सच्चे कर्मवीर के रूप में स्थापित किया।
विवाद और आलोचनात्मक परिप्रेक्ष्य
एक आलोचक और पत्रकारिता के नजरिए से किसी भी सार्वजनिक व्यक्तित्व का मूल्यांकन केवल उसकी चमक के आधार पर नहीं हो सकता। 2018 में जब भारत में ‘#MeToo’ आंदोलन की लहर उठी, तो अभिनेत्री तनुश्री दत्ता द्वारा लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों ने नाना पाटेकर को एक गंभीर विवाद के केंद्र में ला खड़ा किया था। यद्यपि लंबी कानूनी प्रक्रिया और पुलिस जांच में पर्याप्त साक्ष्यों के अभाव के चलते उन्हें कानूनी राहत मिल गई, लेकिन इस प्रकरण ने हिंदी सिनेमा के भीतर कार्यस्थल की संस्कृति और प्रभाव के असंतुलन पर बुनियादी सवाल खड़े किए।
एक संवेदनशील समाज और पाठक के लिए यह प्रसंग यह याद दिलाता है कि कला और कलाकार के बीच एक जटिल विभाजन रेखा होती है। किसी की अद्वितीय रचनात्मक प्रतिभा और सामाजिक योगदान का सम्मान करते हुए भी व्यवस्था और जवाबदेही के नैतिक सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
मायानगरी की चकाचौंध से दूर: ‘गाँव-खेड़े’ का सहज एकांत
मुंबई की ग्लैमरस महफिलों और फिल्म उद्योग के बनावटी ढर्रे से नाना पाटेकर का अलगाव हमेशा चर्चा में रहा। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर जब अमिताभ बच्चन ने उनसे पूछा था कि वे मायानगरी की चकाचौंध को छोड़कर गाँव में क्यों रहते हैं, तो नाना ने बिना किसी लाग-लपेट के अपनी देहाती जड़ों को रेखांकित करते हुए कहा था—”मैं इस इंडस्ट्री का हूँ ही नहीं, मैं तो गाँव-खेड़े का आदमी हूँ, मुझे वहीं अच्छा लगता है।”
यह केवल एक सादगी भरा बयान नहीं था, बल्कि बॉलीवुड के आत्ममुग्ध दायरे को एक खुली चुनौती थी। पुणे के पास खड़कवासला में अपने छोटे से फार्म पर सामान्य किसानों की तरह मिट्टी से जुड़े रहना, खुद खाना पकाना और साधारण जीवन जीना उनके लिए कोई दिखावा नहीं था। वे जानते थे कि कैमरे की रोशनी जितनी कृत्रिम होती है, गाँव की धूप और मिट्टी उतनी ही खरी। मायानगरी से यह दूरी ही थी जिसने उन्हें ताउम्र बाज़ार के दबावों से मुक्त रखा और उनके भीतर के कलाकार को एक खुरदुरा, मिट्टी जैसा संबल देती रही।

12 मन सूखी लकड़ी और अंतिम विदा का ‘अहंकार-मुक्त’ दर्शन
नाना पाटेकर की जीवन-दृष्टि की सबसे प्रामाणिक पहचान मृत्यु को लेकर उनकी वह बेबाक, निर्मम और हास्य-मिश्रित स्पष्टता थी, जो विरले ही किसी सार्वजनिक व्यक्तित्व में दिखाई देती है। एक साक्षात्कार में अपने अंत की कल्पना करते हुए उन्होंने कहा था—”हमको मालूम है कि हम जाने वाले हैं। 12 मन लकड़ी लगनी है। वही मेरी फाइनल प्रॉपर्टी है। मैंने अपने बेटे से कह रखा है कि अपनी लकड़ी जमा करके रखी है और वो सूखी है, उसी में जलाना। गीली लकड़ी मत इस्तेमाल करना, नहीं तो धुआं उठेगा, दोस्त-अगल-बगल के लोग जमा होंगे, उनकी आँखों में आंसू आएंगे और मुझे मरते वक्त यह गलतफहमी हो जाएगी कि वे मेरे जाने पर रो रहे हैं। कम से कम मरते वक्त तो कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए।” मृत्यु का यह दर्शन किसी संन्यासी के वैराग्य और एक यथार्थवादी कलाकार के आत्म-अवलोकन का अद्भुत मेल था। जिस दौर में लोग मरणोपरांत अपनी स्मृतियों और स्मारकों को अमर बनाने के मुगालते पालते हैं, उस दौर में नाना ने अपनी अंतिम यात्रा को महज ’12 मन सूखी लकड़ी’ और भावनात्मक छल से परे एक शांत, यथार्थवादी विदाई तक समेट दिया था।
उपसंहार: नटसम्राट का अंतिम पर्दा गिरना
नाना पाटेकर का संपूर्ण जीवन और करियर भारतीय समाज के अंतर्विरोधों का ही एक विस्तार था—जहाँ एक तरफ व्यवस्था पर असीम गुस्सा था, तो दूसरी तरफ पीड़ित मनुष्य के प्रति गहरी करुणा; जहाँ एक तरफ पारंपरिक ग्लैमर को धता बताने वाली सादगी थी, तो दूसरी तरफ अपने उसूलों को लेकर एक जिद्दी हठ।
उनकी आखिरी मुख्य केंद्रीय भूमिका वाली भावनात्मक फिल्म वनवास(2024) थी। उसके बाद भी उन्होंने कई फिल्में की, परन्तु वनवास में अपने बेटों द्वारा त्यागे जाने के बाद, डिमेंशिया से जूझ रहा एक वृद्ध पिता की भूमिका में नाना ने जान डाल दी थी। नाना उस फिल्म में एक नयी यात्रा पर निकलते हैं, आज सचमुच वह एक नयी यात्रा पर निकल गये!
नाना सिनेमाई चमक-दमक के बीच उस खुरदुरे, बिना तराशे पत्थर की तरह रहे, जिसने कभी चिकना होने की कोशिश नहीं की। उनका जाना भारतीय अभिनय परंपरा से एक ऐसी मौलिक और बेबाक आवाज का मौन हो जाना है, जिसकी जगह कोई दूसरा नहीं ले सकता। ‘नटसम्राट’ का वह अविस्मरणीय संवाद अब उनकी अपनी अंतिम यात्रा का सत्य बन चुका है: “कुणी घर देता का घर…”—रंगमंच का पर्दा भले ही गिर गया हो, लेकिन उनकी कला की तपिश भारतीय सिनेमा के इतिहास में हमेशा सुलगती रहेगी।

बहुत सुंदर श्रद्धांजलि! धन्यवाद श्वेता जी संदीप जी।