इंडिया स्पीक डेली ब्यूरो, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। ब्रजघाट स्थित गंगा तट से शनिवार को ‘हिंदू जागो, घर-बेटी अस्तित्व बचाओ’ पदयात्रा का आरंभ हुआ। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर एवं डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद गिरी के शिष्य यति महादेवानंद गिरी के नेतृत्व में यह पदयात्रा गाजियाबाद के ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मठ के लिए रवाना हुई।
पदयात्रा शुरू होने से पूर्व बृजघाट स्थित अमृत परिसर में पारद शिवलिंग का पूजन और जलाभिषेक किया गया। इस मौके पर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी, स्वामी राम विशाल दास और स्वामी अभिराम दास सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
राजनीतिक दलों और व्यवस्था पर साधा निशाना कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए यति नरसिंहानंद ने मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था और सभी दलों पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राजनेता समाज को वास्तविक मुद्दों से भटका रहे हैं और आंतरिक कलह की ओर धकेल रहे हैं।
यति नरसिंहानंद ने अपने पुराने रुख को दोहराते हुए भारत को एक हिंदू राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की वकालत की और इसकी तुलना इजरायल से की। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक संतुलन के विपरीत हिंदुओं को अधिक से अधिक संतानें पैदा करने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
पदयात्रा बृजघाट से गंगाजल लेकर विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए गाजियाबाद स्थित दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां जलाभिषेक के साथ इस चरण का समापन होगा। आयोजकों के अनुसार, आने वाले समय में इस अभियान को व्यापक रूप देने की योजना बनाई जा रही है।
