संदीप देव। आइए आज EP-2 में विष्णु सहस्रनाम के उस मंत्र को जानते हैं, जो विद्या अर्जन और पढाई व परीक्षा में एकाग्रता के लिए सहायक है। याद रखिए यह शब्द ‘सहायक’ का अर्थ है कि पढ़ना आपको है, परंतु इस मंत्र के जाप से आपमें एकाग्रता आती चली जाएगी। आपके मन की एकाग्रता ही श्री हरी विष्णु से आपको जोड़ेगी। जब मन एकाग्र हो जाएगा तो विद्या की ग्रहणशीलता बढ़ जाएगी, यही श्री विष्णु का प्रसाद है।
विष्णु_सहस्रनाम का यह 14 वां मंत्र है। यह मंत्र है:-
सर्वग: सर्वविद्भानुर्विष्क्सेनो जनार्दन:।
वेदो वेदविदव्यंगो वेदांगो विदवित्कवि:।।१४।।
इसमें भगवान विष्णु के १० नाम हैं। इसमें ‘सर्वविद्भानु’ भगवान विष्णु की चेतना रूपी प्रकाश का बोधक है। ज्ञान अर्जन के लिए चेतना का जागृत होना बेहद आवश्यक है, अन्यथा पढ़ या सुन कर ही कुछ पल्ले नहीं पड़ेगा। इसमें ‘सर्ववित्-भानु’ एक शब्द है, जिसका अर्थ ही स्वयं प्रकाश चैतन्य है। बिना चेतना के विद्या की ग्रहणशीलता असंभव है।
इस श्लोक में भगवान का दूसरा नाम ‘वेद:’ है। वेद शब्द ‘विद्’ धातु से बना है, जिसका अर्थ है ‘जानना’। वेद ज्ञान देते हैं और सच्चा ज्ञान तो एक मात्र वही सच्चिदानंद है। अतः ज्ञान के लिए मस्तिष्क में ‘वेद’ नाम का गुंजार चेतना को उद्वेलित करती है और एकाग्रता को बढ़ाती है।
इस श्लोक में भगवान का तीसरा नाम ‘वेदवित्’ है। ‘वेदवित्’ अर्थात् वह जो वेदों का ज्ञाता है। ईश्वर वेद भी है और वेदों का ज्ञाता भी। श्री हरि विष्णु का यह नाम कर्ता और कर्म दोनों के ‘सरेंडर’ का बोध कराता है। इसे ही गीता में निष्काम कर्म कहा गया है। विद्या प्राप्ति के लिए निष्काम कर्मयोगी जैसा जीवन हो तभी सच्ची सफलता मिलेगी।
विद्या अर्जन के समय, पढ़ाई के समय या परीक्षा देने के समय भी कर्ता और कर्म भाव का तिरोहन ही ज्ञान को या जानने को सही अर्थों में प्रकट करता है। वेद और ‘विदवित्’ के लिए मन का स्थिर होना आवश्यक है और ज्ञान अर्जन, पढ़ाई व परीक्षा के लिए भी मन की स्थिरता आवश्यक है। अस्थिर मन से विद्या की साधना असंभव है।
इस श्लोक में भगवान का चौथा नाम ‘वेदांग’ है। अर्थात् वह ईश्वर वेद जिसके अंग हैं। शिक्षार्थी का अंग शिक्षा हो तभी शिक्षार्थी सफल है। यदि शिक्षा और शिक्षार्थी के बीच द्वैत है तो सफलता संदिग्ध है। सफलता के लिए ज्ञान से एकाकार होना आवश्यक है।
श्री हरि विष्णु का पांचवां नाम इस श्लोक में ‘कवि’ है! वेदों में ‘द्रष्टा’ के अर्थ में कवि की व्याख्या की गई है। वह जो सामान्य अनुभव की तुलना में विशिष्ट अनुभव को पाता है, वह कवि है। द्रष्टा अर्थात् साक्षीभाव, अर्थात् ‘मैं’ का विसर्जन! वास्तविक ज्ञान की प्राप्ति तभी संभव है, जब द्रष्टा भाव जागृत हो, ‘मैं’ का पर्दा गिर जाए और बोध सजग रहे। बुद्धि की जागृति मन को भटकने नहीं देती और यह बुद्धि की जागृति ही द्रष्टा भाव को उत्पन्न करती है!
तो आज हमने इस दूसरे अंक में जाना कि सच्चे अर्थों में यदि विद्या का अर्जन करना है तो वह जो विद्या का सागर श्री हरि विष्णु हैं, उनके इस मंत्र की बार-बार आवृत्ति (जप या पाठ) करनी चहिए, जिससे मन सध सके, मन एकाग्र हो और मन कर्म से दूर खड़ा रहकर उसे केवल द्रष्टा भाव से देख सके, तभी वास्तविक ज्ञान की प्राप्ति होती है और जीवन में वास्तविक सफलता मिलती है। वंदे विष्णुं
#SandeepDeo #विष्णु_सहस्रनाम
